राजू विश्वकर्मा
सीहोर जिले के अहमदपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक ही परिवार के तीन सदस्य पिछले कई दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हैं। खेत में पानी देने गए मां, पिता और भाई अचानक कहां गायब हो गए, यह सवाल अब पूरे परिवार को परेशान कर रहा है। सात दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी तीनों का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
वीओ:
दरअसल भोपाल निवासी किरण दांगी के पिता सुरेश दांगी, मां ओमवती दांगी और भाई राजेश दांगी 24 अक्टूबर को अपने गांव पहुंचे थे। परिवार के पास करीब साढ़े तीन एकड़ कृषि भूमि है, जहां खेती का काम किया जाता है।
परिजनों के मुताबिक 3 नवंबर की शाम करीब 7 बजे तक तीनों से बातचीत हुई थी। उस वक्त सब कुछ सामान्य था और जल्द ही भोपाल लौटने की बात भी कही गई थी। लेकिन इसके बाद अचानक तीनों के मोबाइल और संपर्क बंद हो गए।
दिन गुजरते गए, लेकिन न मां का पता चला, न पिता का और न ही भाई की कोई खबर मिली। परिवार ने अपने स्तर पर हर संभव जगह तलाश की, पुलिस से गुहार लगाई, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
परिजनों ने कृषि भूमि को लेकर पुराने विवाद की आशंका भी जताई है और कुछ लोगों पर संदेह व्यक्त किया है। हालांकि इस संबंध में जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अपनों की तलाश में परेशान बेटी किरण दांगी आज एक बार फिर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के पास पहुंची और आवेदन सौंपकर अपने माता-पिता और भाई को जल्द तलाशने की मांग की।
बेटी का सवाल है कि आखिर उसके माता-पिता और भाई कहां हैं? क्या तीनों सुरक्षित हैं? उनके साथ कोई अनहोनी तो नहीं हुई? आखिर इतने दिनों बाद भी उनका कोई सुराग क्यों नहीं मिल पा रहा है?
वहीं मामले में सीहोर एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।
बाइट – परिजन
बाइट – प्रशांत चौबे, एडिशनल एसपी, सीहोर