राजू विश्वकर्मा
सीहोर। जिले के इछावर नगर परिषद कार्यालय में आयोजित परिषद की बैठक उस वक्त हंगामेदार बन गई, जब एक पार्षद ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। वार्ड में हो रहे विकास कार्यों की अनदेखी और जानकारी न मिलने से नाराज पार्षद जुनैद खान ने बैठक कक्ष के बाहर जमीन पर बैठकर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान उनकी सीएमओ के साथ भी तीखी और गर्मागर्म बहस हुई।
पार्षद जुनैद खान का आरोप है कि उन्होंने अपने वार्ड के विकास कार्यों, रोड, पुल निर्माण और अन्य जरूरी मुद्दों को लेकर कई बार सीएमओ से पत्राचार और आरटीआई के तहत जानकारी मांगी थी। तय सीमा 30 दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई। इसी बात से आक्रोशित होकर उन्होंने परिषद की बैठक का विरोध किया और गेट के बाहर बैठकर प्रदर्शन किया।
पार्षद ने सिर्फ अपने वार्ड की ही नहीं, बल्कि सफाई कर्मचारियों का 4 साल से रुका हुआ पीएफ और अन्य भुगतान न मिलने का मुद्दा भी उठाया और कहा कि वे कर्मचारियों के हक की इस लड़ाई में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। इस हंगामे के दौरान परिषद कार्यालय में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।