राजू विश्वकर्मा
सीहोर जिले के दोराहा क्षेत्र में प्रशासनिक अमले और पुलिस बल की मौजूदगी में कानून को ठेंगा दिखाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। 10 एकड़ जमीन पर कब्जा दिलाने पहुँची प्रशासनिक टीम के ठीक सामने एक व्यक्ति ने तीन हवाई फायर कर दिए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के अनुसार, दोराहा क्षेत्र में स्थित 10 एकड़ भूमि को लेकर पिछले काफी समय से दो पक्षों के बीच कानूनी और आपसी विवाद चल रहा था। एक पक्ष के पक्ष में मामला होने के बाद आज प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम वैधानिक रूप से जमीन का कब्जा दिलाने के लिए मौके पर पहुँची थी।
कार्यवाही के दौरान जब टीम अपनी मौजूदगी में कब्जा सुनिश्चित करवा रही थी, तभी एक पक्ष से जुड़े एक व्यक्ति ने अचानक आक्रोशित होकर अपनी बंदूक निकाली और दनादन तीन हवाई फायर कर दिए। सरेआम प्रशासन के सामने हुई इस फायरिंग से वहां मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को संभाला। गनीमत यह रही कि इस फायरिंग में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन खुलेआम कानून व्यवस्था को चुनौती देने की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने घटना को बेहद गंभीरता से लिया है और आरोपी की पहचान कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौके पर मौजूदफोर्स के बयानों और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। आरोपी की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एएसपी प्रशांत चौबे ने कहा कि पुलिस जांच कर मामला दर्ज करेगी।