राजू विश्वकर्मा
सीहोर। जर्जर सड़क और अघोषित बिजली कटौती से परेशान सीहोर-श्यामपुर मार्ग के ग्रामीणों और किसानों का गुस्सा फूट पड़ा है। क्षेत्रवासियों ने अनुविभागीय अधिकारी सीहोर को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के जल्द निराकरण की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे बिना किसी पूर्व सूचना के चांदबड़ में सीहोर-श्यामपुर मार्ग पर चक्का जाम करेंगे।
क्षेत्रवासियों ने ज्ञापन में बताया कि सीहोर-श्यामपुर रोड गड्ढों के कारण अत्यंत जर्जर हो चुकी है। सड़क की खस्ताहाल स्थिति के चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे वाहन चालकों और आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही, बिजली विभाग द्वारा की जा रही अघोषित कटौती से भी लोग त्रस्त हैं। रबी सीजन शुरू होने के कारण किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए 24 घंटे बिजली की आवश्यकता है, लेकिन अघोषित कटौती से सिंचाई प्रभावित हो रही है। रात के समय बिजली बंद रहने से स्थानीय निवासियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि यदि 10 दिवस की समयावधि में सड़क मरम्मत और बिजली आपूर्ति की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो किसान चांदबड़ पर उग्र आंदोलन करते हुए चक्का जाम करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।