राजू विश्वकर्मा
सीहोर। त्योहारों एवं आम दिनों में खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर नकेल कसने के लिए सीहोर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। इसी कड़ी में श्यामपुर पुलिस और सीहोर खाद्य सुरक्षा विभाग फूड इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम ने एक बड़ी और ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में संदिग्ध मावा जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस और खाद्य विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक वाहन में बड़े पैमाने पर मावे की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना प्रभारी और सीहोर फूड इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर एक आयशर गाड़ी को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आयशर वाहन से मावे के कुल 107 बोरे बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, प्रत्येक बोरे का वजन लगभग 40 से 50 किलोग्राम बताया जा रहा है। इस हिसाब से जब्त मावे की कुल खेप लगभग 4,000 से 5,000 किलोग्राम 4 से 5 टन के आसपास आंकी जा रही है। टीम ने वाहन सहित पूरे माल को अपनी हिरासत में ले लिया है।
सैंपलिंग और गहन जांच जारी
कार्रवाई के बाद खाद्य विभाग की टीम मावे की गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों की जांच के लिए सैंपल लेने की प्रक्रिया में जुट गई है। यह मावा कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था, इस संबंध में वाहन चालक व संबंधित लोगों से कड़ी पूछताछ की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। मावे के सैंपल लेकर लैब भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने और पूरी पड़ताल समाप्त होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट की जाएगी। मिलावट पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद से क्षेत्र के मिलावटखोरों और अवैध डेयरी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।